झारखंड में हाल के दिनों में कोरोना के लगातार बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार एक बार संपूर्ण लॉकडाउन लागू करने पर विचार कर रही है। उच्च स्तर पर इसे लेकर मंथन चल रहा है। चर्चा है कि 31 जुलाई से शुरू हुए कोरोना जांच के विशेष अभियान के परिणामों का मूल्यांकन करने के बाद सरकार इसपर निर्णय ले सकती है। माना जा रहा है कि रक्षाबंधन के बाद राज्य में कुछ समय के लिए संपूर्ण लॉकडाउन लागू हो सकता है।
यह लॉकडाउन एक सप्ताह या 15 दिनों तक के लिए हो सकता है। इसपर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लेना है। अनलॉक अवधि में देश के बाकी हिस्सों की तरह झारखंड में भी आर्थिक गतिविधियों की छूट दी गई। वहीं दूसरी ओर इस अवधि में संक्रमण भी कई गुना रफ्तार से बढ़ गया। इससे अब दोबारा लॉकडाउन की जरूरत महसूस होने लगी है।
बता दें कि राज्य सरकार अधिक से अधिक लोगों की कोरोना जांच के लिए 31 जुलाई से विशेष अभियान चला रही है। यह अभियान रविवार तक चलेगा। इसमें लगभग एक लाख लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट को सैंपल मानकर उनमें संक्रमितों का प्रतिशत देखते हुए लॉकडाउन के संबंध में कोई निर्णय लिया जाएगा।