RANCHI: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मोरहाबादी मैदान में आज JSSC द्वारा चयनित 2550 युवाओं के बीच नियुक्ति पत्र वितरण किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री डॉ। रामेश्वर उरांव, मंत्री सत्यानंद भोक्ता उपस्थित रहे। मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, प्रधान सचिव वंदना डाडेल, प्रधान सचिव पंचायती राज राजीव अरुण एक्का, राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी मौजूद रहे। सभी गणमान्य अतिथियों को पौधा, अंगवस्त्र और पुष्पगुछ देकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा चयनित सभी अभ्यर्थी मोरहाबादी मैदान में उपस्थित रहे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद इनके पदस्थापन की प्रक्रिया विभाग द्वारा पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कुछ माह पहले ही युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया था। इन युवाओं की नियुक्ति पंचायती राज राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग खाद आपूर्ति विभाग व वित्त विभाग में होगी। राज्य सरकार व रांची जिला प्रशासन की तरफ से नियुक्ति की तैयारी कर पूरी ली गई है।
आज मुख्यमंत्री ने पंचायती राज विभाग के अंतर्गत पंचायत सचिव के पद के लिए 1633 ,राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग अंतर्गत निम्न वर्गीय लिपिक पद के लिए 707, वित्त विभाग अंतर्गत निम्न वर्गीय लिपिक पद के लिए 166 एवं खाद आपूर्ति विभाग अंतर्गत 44 युवाओं को निम्न वर्गीय लिपिक पद के लिए नियुक्ति पत्र बांटी है। वर्ष 2017 में ही राज्य कर्मचारी चयन आयोग से इनकी नियुक्ति के लिए अनुशंसा की गई थी। लेकिन कार्मिक विभाग के पत्र की वजह से इनकी नियुक्ति रुक गई थी। आज नियुक्ति पत्र मिलने पर सभी युवाओं के चेहरे पर खुशी का भाव झलक रहा था।
रांची से गौरी रानी की रिपोर्ट