खगड़िया जिला पुलिस लाइन में एक पुलिसकर्मी ने गुरुवार की सुबह अपनी सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली जिससे उसकी मौत हो गई। मृत पुलिसकर्मी बिरजू तांती खगड़िया के एडीजे प्रथम का अंगरक्षक था। वह पुलिस लाइन में अपने परिवार के साथ रहता था। इस घटना के बाद पूरी पुलिस लाइन में खलबली मच गई। आनन-फानन में एसपी मीनू कुमारी घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की छानबीन शुरु कर दी गई।
बिरजू को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई लेकिन सिर में गोली लगने के कारण उसने तत्काल दम तोड़ दिया। घटना के समय वह अपने परिवार के साथ सरकारी आवास में था जो पुलिस लाइन के अंदर है। बिरजू विगत 1 वर्ष से एडीजे प्रथम की सुरक्षा में तैनात था। कोर्ट में कार्य बंद होने से कोई भी न्यायिक पदाधिकारी न्यायालय नहीं जाते थे। बिरजू की गतिविधियां भी काफी सीमित थीं। किस कारण से उसने ऐसा कदम उठाया इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
अनिश कुमार की रिपोर्ट