PATNA: बिहार के CM नीतीश कुमार ने हज यात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया है। बुधवार सुबह पहले जत्थे ने मदीना के लिए उड़ान भर ली है। बताया जा रहा है कि 5,638 यात्री हज की यात्रा पर जाएंगे। 7 जून से लेकर 22 जून तक हज यात्रियों को मदीना ले जाया जाएगा। वहीँ CM नीतीश कुमार ने कहा कि यात्रियों से कहा कि हज यात्रा पर जा रहे हैं तो बिहार राज्य और देश के के लिए दुआ करें।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हज यात्रियों की रवानगी से पहले हज भवन में आयोजित दुआईया मजलिस में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे अनेक बार इस कार्यक्रम में आने का मौका मिला है। इस कार्यक्रम में शामिल होकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। हम भी वहाँ जा चुके हैं। यह अलग बात है कि मुझे अंदर जाने का मौका नहीं मिला। आप सभी समाज में भाईचारा और अमन-चैन कायम होने की दुआ करेंगे। कुछ लोग बेमतलब झंझट पैदा करने की कोशिश में लगे रहते हैं। संविधान में जो उल्लेखित नहीं है, आज कल वह बातें भी हो रही हैं। देश का इतिहास और आजादी की बातें बदलने की कोशिश हो रही है। देश सुरक्षित रहे, इसके लिये भी आप सभी दुआ कीजियेगा।
आपको बता दें कि 3 साल के बाद पटना से हज यात्रियों को रवाना किया गया है। 2020 और 2021 में कोरोना की वजह से हज यात्रा को स्थगित रखा गया था। इस बार 5,638 हज यात्री पवित्र हज यात्रा पर जा रहे हैं, इनमें 2,399 महिलायें शामिल हैं।