खगड़िया जिले में बागमती और कोसी उफान पर है। बाढ़ से जिले के दर्जनों गाँव के हजारों की आबादी बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं। नेपाल की तराई क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश से खगड़िया में बाढ़ का संकट और गहरा गया है। जिले में कोसी और बागमती नदी लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिससे अबतक बाढ़ से बचे गांवो में भी बाढ़ ने दस्तक दे दिया है। स्कूल से लेकर घर-सड़क,टोला और खेत खलिहान सभी पानी पानी हो गया है। सैलाब ने कई गांवों को टापू में तब्दील कर दिया है। लिहाजा बाढ़ से प्रभावित लोग अपने घरेलू सामानों और अनाजों को लेकर ऊंचे स्थानों की ओर रुख कर रहे हैं।
कोसी नदी के किनारे बसे खगड़िया प्रखंड के उत्तरी मारर पंचायत के सैकड़ों परिवार अपने गांव से पलायन करके दूसरे जगह शरण ले रहे हैं। यही हाल मानसी,बेलदौर, अलौली,चौथम और गोगरी प्रखंड की है। बाढ़ प्रभावित लोगों की मानें तो उनके गाँव में अभी तक प्रशासन की और से कोई भी नुमाइंदा झांकने तक नहीं आया है। साथ ही अभी तक उन्हें कोई भी सुविधा नहीं मिली है। वे लोग भगवान भरोसे हैं।यहाँ तक कि प्रशासन की और से एक अदद पॉलीथिन भी नसीब नहीं हुआ है।
अनिश की रिपोर्ट