BANKA: बांका जिला में अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। अमरपुर थाना के कोझी डैम के तलहटी में महादेव स्थान एवं सिमरीकुंड गांव के बीच विलासी नदी में शव बरामद किया गया है। दो दिनों से पड़े अज्ञात शव पड़े रहने से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना रहा। सिमरीकुंड गांव के सहिंद्र यादव एवं सादपुर गांव के विजय कुमार ने बताया कि रविवार को सिमरीकुंड गांव के कुछ लड़के मैदान में फुटबाल खेल रहे थे।
इसी दौरान फुटबाल विलासी नदी में चला गया। जब एक लड़का फुटबाल लाने विलासी नदी गया तो नदी में जलकुंभी में एक शव को पड़ा देखा। शोर मचाने पर फुटबाल खेल रहे अन्य लड़के भी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान आसपास के गांवों के काफी संख्या में लोग पहुंचे। लेकिन किसी ने भी शव का पहचान नहीं कर पाया। इसको लेकर लोगों द्वारा अमरपुर एवं फुल्ली डुमर थाना को मोबाइल पर सूचना दिया गया लेकिन दोनों थाना की पुलिस ने सीमा क्षेत्र नहीं होने का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया। अज्ञात शव 35-40 वर्ष के युवक का बताया जा रहा है।
पुलिस को विलासी नदी में शव पड़े रहने की सूचना रहने के बाद भी अमरपुर एवं फुल्लीडुमर थाना की पुलिस सीमा विवाद के कारण घटनास्थल पर भी पहुंचकर जांच करना भी उचित नहीं समझा। जिससे आसपास के गांवों के लोगों में पुलिस के उदासीन रवैये से आक्रोश देखा गया। आखिरकार एसडीपीओ डीसी श्रीवास्तव को घटना की सूचना मिलने के बाद इसे गंभीरतापूर्वक लेते हुए दोनों थाना के पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का निर्देश दिया। तब जाकर दोनों थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर अमरपुर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है।
घटना को लेकर किस थाना में केस दर्ज होगा। यह अभी तक पहेली बनी हुई है। घटनास्थल से पुलिस ने कपड़ा और चप्पल जब्त किया है। अज्ञात शव की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि हत्यारे द्वारा अन्यत्र हत्या कर शव को विलासी नदी के जलकुंभी में फेंक दिया है। वहीं दो थाना के सीमा विवाद में पुलिस के इस संवेदनहीन व्यवहार से आम लोगों ने नाराजगी जताया है। ज्ञात हो कि दो माह पूर्व ही केंदुआर पेट्रोल पंप के समीप बाइक छिनतई की घटना के बाद दोनों थाना पुलिस के बीच सीमा विवाद सामने आया था।
जिसमें वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर अमरपुर थाना में केस दर्ज किया गया था। पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार राव ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अमरपुर थाना द्वारा बांका भेजा गया है। सीमा विवाद होने के कारण दोनों थाना को सीओ के द्वारा सीमांकन का पुष्टि कराने को कहा गया है। सीमांकन की पुष्टि होने के बाद संबंधित थाना में केस दर्ज किया जायेगा।
बांका से दीपक कुमार सिंह की रिपोर्ट