Siwan: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंदियां छू रही है। अपराधियों के अंदर से मानो पुलिस-प्रशासन का डर खत्म हो चुका हो। ताजा मामला सीवान से सामने आया है। जहां पर एक जमीन कारोबारी का ट्रॉली में बंद शव मिलने से इलाके में हड़कंप मचा है। घटना महाराजगंज थाना क्षेत्र की है, जहां पोखर किनारे ट्रॉली बैग काफी समय से लावारिस पड़ा था। स्थानीय लोगों जब काफी समय तक ट्रॉली पर किसी ने मालिकाना हक नहीं जमाया तो उक्त ट्रॉली को खोलकर देखा गया। जिसमें शव पड़ा था।
आपको बता दें कि ऐसे लावारिस बैग में शव को देखते ही स्थानीय लोगों के हाथ-पांव फूलने लगे। इसके बाद इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। बॉडी पर कहीं भी चोट के निशान नहीं है।
मृतक की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी 65 साल के बुजुर्ग हरे कृष्ण तिवारी के रूप में हुई है। वो जमीन के कारोबार से जुड़े हुए थे।
हरे कृष्ण तिवारी के बेटे मिथिलेश तिवारी ने बताया कि रविवार को दो लोग बाइक से आए थे, जिनके साथ वो घर से गए थे। आज उनका शव मिला है।
हरे कृष्ण तिवारी के बेटे ने बताया कि रविवार की शाम दो अज्ञात लोग पिता से मिलने आए थे और उन्हें 10 हजार रुपए दिए। पापा ने पैसे अपनी बेटी को दिए और दोनों लोगों के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर निकल गए। सोमवार सुबह सूचना मिली की उनकी लाश ट्रॉली बैग में है। अब ये हत्या कैसे हुई है, इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है।
मिथिलेश तिवारी ने बताया कि मेरे पिता मेरी बहन के पास रहते थे। वो गांव में जमीन का छोटा मोटा कारोबार करते थे। मां भी उनके ही साथ बहन के घर पर रहती है। वो 2 महीने से अपने रिश्तेदार के घर नागपुर में थी।
इस संबंध में महाराजगंज थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या कैसे हुई है, इसकी जानकारी मिलेगी। मृतक के शरीर में कहीं भी चोट या खून का निशान नहीं है। ऐसे में आशंका जाहिर की जा रही है कि कोई जहरीला पदार्थ देकर उनकी हत्या की गई है। मृतक के बेटे ने बताया कि जमीन की खरीद-बिक्री में पैसे के लेनदेन को लेकर काफी लोगों से उनका विवाद चल रहा था।