PATNA: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 12 एजेंडों पर मुहर लगी है। डीएमसीएच में 2100 बेड वाले नए अस्पताल की मंजूरी दी गयी है। वहीं दक्षिण और उत्तर बिहार के कुल 61 किमी सड़क निर्माण को लेकर 234 करोड़ तीस लाख रू की स्वीकृति दी गई है। विधायकों-विधान पार्षदों को हर साल मिलने वाले फंड में बढ़ोतरी कर दी गई है
नीतीश सरकार ने कहा है कि वित्तीय वर्ष 2018-19 से प्रति विधान मंडल सदस्य हर साल तीन करोड़ की सीमा तक योजनाओं की अनुशंसा करते थे। लेकिन निर्माण सामाग्री में बढ़ोतरी की वजह से पूर्व के प्रावधान में बदलाव किया जा रहा है। अब मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 से प्रति विधानमंडल सदस्य हर साल चार करोड़ रू की सीमा तक योजनाओं की अनुशंसा कर सकते हैं।
वहीं दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को 2500 बेड का बनायाा जाएगा। पूर्व से चार सौ बेड के सर्जिकल ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। शेष 2100 बेड के भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 2546 करोड़ 41 लाख रुपए खर्च होंगे। इस राशि से भवन निर्माण के साथ-साथ उपकरणों की खरीद एवं 5 साल तक के लिए रखरखाव होगा।
दक्षिण और उत्तर बिहार के कुल 61 किमी सड़क निर्माण को लेकर 234 करोड़ तीस लाख रू की स्वीकृति दी गई है। राजगीर में लगने वाले मलमास मेले के लिए ₹22 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। बिहार आकस्मिकता निधि से पैसा खर्च होगा। किशनगंज में 8 एकड़ गैरमजरूआ जमीन को नवनिर्मित इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावास निर्माण के लिए निशुल्क हस्तांतरित किया गया है। दरभंगा शहर में जल निकासी के लिए 235 करोड़ 20 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है।
पटना से डेस्क की रिपोर्ट