पटना ब्यूरो
नयी दिल्ली: आत्म निर्भर भारत पैकेज के तहत 25 लाख नये किसान क्रेडिट कार्ड जारी किये गये हैं। कृषि के लिए 86, 600 करोड़ का लोन दिया जायेगा। कोरोना के समय में 63 लाख लोन कृषि क्षेत्र के लिए मंजूर किए गए। यह जानकारी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को अपने प्रेस कांफ्रेंस में कही। ज्ञात हो कि देश के नाम अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बीस लाख करोड़ के आत्म निर्भर भारत पैकेज का ऐलान किया था। जिसके बाद वित्त मंत्री ने पैकेज के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तीन करोड़ किसानों को मदद पहुंचायी गयी है। किसानों को कर्ज पर ब्याज की छूट भी है साथ ही फसल खरीदने के लिए 6700 करोड़ की राशि है।
प्रवासियों के बारे में बड़ी जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि प्रवासियों को मनरेगा के तहत काम मिलेगा। उनको गांव में ही रोजगार की व्यवस्था की गयी है। प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए हम योजना लेकर आए हैं, उन्हें लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। लॉक डाउन में भी सरकार लगातार काम कर रही है। बेघर लोगों को तीन वक्त का खाना दिया जा रहा हैं। उनके लिए पैसे की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि एसडीआरएफ के लिए 11 हजार करोड़ की राशि तय की गयी है। इसके अलावा सहकारी व ग्रामीण बैंक को 29500 करोड़ की राशि का प्रावधान है। न्यूनतम मजदूरी पहले ही 182 से बढ़ाकर 202 रुपये की जा चुकी है। 2.33 करोड़ प्रवासी मजदूरों को पंचायतों में काम मिला है। प्रेस कांफ्रेंस में वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी उपस्थित थे।