अनिश कुमार, नवगछिया
नवगछिया: गोपालपुर प्रखंड के अंतर्गत लालजी उच्च विद्यालय के प्रांगण में बने क्वॉरेंटाइन केंद्र पर प्रवासियों से आने वाले मजदूरों को रहने की व्यवस्था देख कर अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार वहां पर मौजूद पदाधिकारी पर बिफर पड़े। बाहर से आए मजदूरों ने बताया कि पीने के लिए शुद्ध जल नहीं है। जब से आए हैं बिना मच्छरदानी के सो रहे हैं। गर्मी में बिना पंखा के ही रह रहे हैं।
एसडीओ ने खुद पके हुए खाने की जांच की, तो दाल की गुणवत्ता देखकर भड़क उठे। वहीं मौजूद केंद्र प्रभारी को जमकर फटकार लगाई और कहा कि जल्द से जल्द मच्छरदानी उपलब्ध हो। साथ ही पानी की व्यवस्था भी हो। उन्होंने सभी रूम में पंखे लगाने के लिये भी कहा। मजदूरों से एसडीओ ने अपील किया कि आप लोग एक घर की तरह माहौल बना कर रहे। बाहर में काम करते थे तो आपका शरीर चलायमान रहता था। इसलिए यहां पर सुबह आप लोग नियमित योगा करें, जिससे शरीर में स्फूर्ति बनी रहेगी।
