PATNA: गोपालगंज और मोकामा विधानसभा उपचुनाव का परिणाम आने के बाद भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार भाजपा प्रवक्ता डॉ० निखिल आनंद का बयान: “राजद परिवार के गृहक्षेत्र गोपालगंज में भाजपा जीती और मोकामा में भाजपा ने भविष्य की जीत की नींव रखी।”
“राष्ट्रीय जनता दल को तारापुर एवं कुशेश्वरस्थान जरूर याद आ गया होगा जब लालू प्रसाद जी ने हेलीकॉप्टर से चुनाव प्रचार किया था और वे उपचुनाव हारे थे। गोपालगंज लालू प्रसाद यादव जी, राबड़ी देवी जी, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव का पुश्तैनी घर और गढ़ है। गोपालगंज में भारतीय जनता पार्टी ने महागठबंधन के तमाम छल- प्रपंच और तकनीकों के बावजूद शानदार तरीके से चुनाव जीता है।
राजद ने वैश्य उम्मीदवार दिया था और पूरी जुगत भिड़ाई थी। साधु यादव की पत्नी इंदिरा देवी और एआईएमआईएम उम्मीदवार वोट काटने में बुरी तरह विफल रहे, बावजूद इसके भाजपा ने जीत दर्ज की। भाजपा ने लोकप्रिय नेता सुभाष सिंह जी को महागठबंधन के खिलाफ अकेले अपने कार्यकर्ताओं के बूते लड़कर श्रद्धांजलि दी है। मोकामा में भारतीय जनता पार्टी पिछले दो दशकों में पहली बार चुनाव लड़ी और शानदार प्रदर्शन किया। कभी अनंत सिंह 30- 35 हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव जीता करते थे। मोकामा में इस बार अंतर 17हजार का है।
अब नीतीश कुमार जी से पिंड छूटने के बाद मोकामा में भाजपा का संगठन हम मजबूत करेंगे और अगले विधानसभा चुनाव में हम 17 हजार से ज्यादा मतों से चुनाव जीतकर दिखाएंगे। एक शानदार लड़ाई लड़ने के लिए गोपालगंज और मोकामा दोनों जगहों के सभी भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों को हृदय से आभार। गोपालगंज की नई विधायक कुसुम देवी जी को हार्दिक बधाई और मोकामा की भाजपा उम्मीदवार सोनम देवी जी को 2025 में विधायक बनने की शुभकामनाएं।”
पटना से कुमार गौतम की रिपोर्ट