केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान तथा उनके बेटे व लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को एके 47 से भून डालने की धमकी दी गई है। यह धमकी बिहार के शेखपुरा नगर परिषद के वार्ड संख्या 10 के वार्ड पार्षद संजय यादव ने दी है। इसका एक वीडियो वायरल होने के बाद बिहार में सनसनी मच गई है। घटना के सिलसिले में एलजेपी के जिला अध्यक्ष इमाम गजाली ने एफआइआर दर्ज कराते हुए पुलिस से उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। इस बीच आरोपी भूमिगत हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
वायरल वीडियो शेखपुरा नगर परिषद वार्ड 10 के पार्षद संजय यादव का बताया जा रहा है। इसमें वार्ड पार्षद द्वारा केंद्रीय मंत्री और उनके पुत्र को भद्दी-भद्दी गालियां दी गई हैं। साथ ही एके 47 से भून देने की बात कही गई है। वार्ड पार्षद कह रहा है कि हर आदमी को राशन कार्ड देना राम विलास पासवान का काम है। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो वह उन्हें एके 47 से उड़ा देगा। चिराग पासवान को भी उड़ा देगा।