RANCHI: राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही मौसम सुहाना नजर आ रहा है। कई जगहों पर झमाझम बारिश देखने को मिली। रविवार को हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जिसकी वजह से लोगों को उमसभरे मौसम से कुछ राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, शहर के कुछ हिस्सों में सोमवार को हल्की बारिश होने की संभावना जतायी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 7 अगस्त के राज्य के कई स्थानों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के उत्तर-पश्चिमी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होनें की संभावना है। वहीं दूसरी और राज्य के कुछ हिस्सों में गर्जन-वज्रपात होने की संभावना है।
बात करें रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों की तो आनें वाली तारीख यानी 10 अगस्त तक यहां बादल छाये रहेंगे और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इसके तहत अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
राज्य में सात दिन में दो माह से ज्यादा हुई रोपनी
पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से किसानों को थोड़ी राहत मिली है। राज्यभर में पूरे जोर-शोर से धान की खेती की जाने लगी है। परिणाम है कि पूरे जून-जुलाई में राज्य में जितनी धान की खेती नहीं हुई थी, बीते सात दिनों में उससे ज्यादा रोपनी हुई है। तीन दिनों पहले तक राज्य में सामान्य से करीब 47 फीसदी कम बारिश हुई थी। अब यह कमी 39 फीसदी के आसपास रह गयी है। राज्य में अब तक करीब 318 मिमी बारिश हो गयी है। मानसून के रफ्तार पकड़ने से किसानों ने राहत की सांस ली है।