PATNA CITY : स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल के चप्पे-चप्पे का निरीक्षण करने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि, दो माह से अधिक मिशन-60 के तहत सदर अस्पताल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में वह इस सदर अस्पताल का निरीक्षण करने यहां पहुंचे हैं। मुख्य रूप से बिहार सरकार का फोकस सदर अस्पताल में आधारभूत संरचना और मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाना है। लक्ष्य है कि यहां इलाज के लिए आने वाले मरीज को बुनियादी सुविधाएं मिले।
फिलहाल, यहां 22 चिकित्सक पदस्थापित हैं। इस अस्पताल का कारपेट एरिया पीएमसीएच से भी बड़ा है। इसी परिसर में एलएचवी नर्सिंग स्कूल भी चल रहा है। इसका भवन जर्जर अवस्था में है। इसकी जगह नया भवन बनाने का काम शुरू किया जाएगा। साथ ही परिसर में चार हाई मास्क लाइट लगाए जायेंगे। अस्पताल परिसर की सड़क भी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि, अस्पताल परिसर के अंदर जो भी कच्चा-पक्का अवैध अतिक्रमण का निर्माण था या वाहन पार्किंग से लेकर परिसर के बाहर सटे भी जो अतिक्रमण था, उसमें से अधिकांश ने समय-सीमा के अंदर हटा लिए हैं।
जो लोग अब तक नहीं हट पाए हैं, ऐसे लोगों को समय-सीमा के अंदर हटाने का काम किया जाएगा। जनानी अस्पताल के नाम से प्रसिद्ध अशोक राजपथ से सटे गेट को भी अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी से लेकर मरीज और उसके परिजनों के लिए खोल दिया गया है। वहां पर गेट बनाया जा रहा है। गेट से प्रवेश करने के साथ ही सामने में छोटा सा पार्क बनाया जा रहा है। वहीं अस्पताल के पूरब और उत्तर की ओर साल 2017 में एक भवन बन गया था, मगर इसे उपयोग में नहीं लाया गया था।
फिलहाल, यहां डीपीएम रह रहे हैं और निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग वे कर रहे हैं। इसके अलावा अधीक्षक और चिकित्सक को भी अस्पताल के परिसर में रहने के लिए आवास उपलब्ध कराया जाएगा। कर्मचारियों के लिए भी आवास बनकर तैयार होगा। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत गुरुवार की शाम श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल पहुंचे। यहां पर मिशन 60 के तहत कराए जा रहे कार्य की प्रगति को देखा। इस दौरान उन्होंने कार्य के बाद हुए बदलाव की समीक्षा की। प्रधान सचिव ने वहां कराए गए कार्य को देखने के साथ ही आवश्यक निर्देश भी अधिकारियों को दिया।
निरीक्षण में अधिकारियों ने प्रधान सचिव को बताया कि मरीजों की सुविधा के लिए सेवाओं को बहाल किया गया है। मरीजों के बैठने की व्यवस्था की गयी है। हर्बल गार्डन का निर्माण किया गया है। बंद पड़े पुराने गेट को चालू किए जाने के अलावा अन्य कार्य का निर्देश दिया। प्रधान सचिव के साथ निरीक्षण में विभाग के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह, उप सचिव राजेश कुमार, अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आरआर चौधरी, प्रबंधक मो. शब्बीर खान के साथ अन्य अधिकारी व चिकित्सक थे। प्रधान सचिव ने कहा कि मरीज को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए विभाग में हर जगह साइनेज लगाया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने का भी परिसर से अभियान चलेगा। चिकित्सा सुविधा मरीजों समय से उपलब्ध हो सके, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन कार्य कर रहा है।
पटनासिटी से अनिल कुमार की रिपोर्ट