पटना : सुशांत सिंह राजपूत की मौत की मामला तूल पकड़ता जा रहा है. चहुंओर से सीबीआई से जांच की मांग उठने लगी है. भोजपुरी एक्टर व सिंगर मनाेज तिवारी के बाद अब भोजपुरी फिल्माें के सुपर स्टार पवन सिंह ने सुशांत की मौत की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है. सोमवार को वे सुशांत सिंह राजपूत के पटना स्थित आवास पर पहुंचे और उनके पिता केके सिंह से मिले.
अभिनेता पवन सिंह ने कहा कि अभी धैर्य रखने का वक्त है. उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच करायी जाए, ताकि सबकुछ साफ हो जाए. उन्होंने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि भाई सुशांत को जरूर न्याय मिलेगा. पवन ने बताया कि सुशांत बिहार के लाल थे, जिनके अभिनय के सभी कायल हैं. आज भी हमें विश्वास नहीं हो रहा है कि ऐसा कुछ हो गया. सुशांत रियल हीरो थे. उनके इस तरह जाने से हमें गहरा दुख पहुंचा. वे इंसान भी बेहद अच्छे थे. विज्ञान से प्रेम था. काम के प्रति प्रतिबद्धता थी, जिसने उन्हें एक बड़ा कलाकार बना दिया. यही वजह है कि दुनिया भर में उनके चाहने वाले निराश हैं और सभी सुशांत के लिए न्याय चाहते हैं. हम भी चाहते हैं कि सुशांत की शहादत जाया न हो और ऐसे लोगों को सबक मिले, जिसकी वजह से यह हुआ.
