पटना: पटना रेलवे पुलिस ने ट्रेनों में चेन स्नेचिंग करने वाली बड़ी महिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। ये महिलाएं चलती ट्रेन में चेन स्नेचिंग कर फरार हो जाती थीं। रेल पुलिस ने पटना-गया रेलखंड पर परसा बाजार के पास से तीन महिलाओं को दबोचा है। बताया जाता है कि झारखंड की रहने वाली महिला रेणु देवी के गले से चेन छीनकर ये तीनों महिलाएं भाग रहीं थीं। तभी वहां मौजूद लोगों के द्वारा भाग रहीं इन महिलाओं को पकड़ लिया गया। जिसके बाद रेल पुलिस के हवाले कर दिया गया।
रेल पुलिस द्वारा पकड़ी गईं महिलाओं ने बताया कि पटना-गया रेलखंड पर उनका पूरा गिरोह एक्टिव है। फिलहाल, पकड़ी गईं महिलाओं से पूछताछ कर गिरोह की अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार सभी महिलाओं को जेल भेज दिया गया है।
बक्सर की महिला गैंग एक्टिव
रेल एसपी अमृतेंदु शेखर ठाकुर ने घटना को लेकर बताया कि पटना-गया रेलखंड में चोरी घटनाएं लगातार हो रही थी। जिसमें महिला गैंग के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। इसी को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। पहले बंगाल और उत्तर प्रदेश की महिलाओं को चोरी करते पकड़ा गया था। लेकिन बाद में बिहार के भी महिला गिरोह के सक्रिय होने की भी सूचना प्राप्त हुई, जो कि बक्सर जिले के ईटाढ़ी थाना क्षेत्र का है। पकड़ी गईं महिलाओं में विमला देवी(पति राहुल कुमार), गुड़िया देवी(23,पति अनिल ठाकुर) और अंतिमा देवी(22, पति लाला कुमार) शामिल हैं। ये सभी महिलाएं बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं।
पहले टारगेट सेट करता था गिरोह
इस महिला गिरोह के काम के तरीके को लेकर रेल एसपी अमृतेंदु शेखर ठाकुर ने बताया कि पहले ये महिलाएं ट्रेन में गहने पहनी महिला को टारगेट करते थे। उसके बाद उनके इर्द-गिर्द घूमने लगती थीं और मौका पाते ही चेन गायब कर दिया करती थीं।
पटना से अजय कुमार की रिपोर्ट