PATNA: बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह अध्यक्ष बनने के बाद आज पहली बार बिहार आगमन पर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।
पटना एयरपोर्ट से बापू सभागार के मुख्य स्वागत कार्यक्रम तक पहुंचने में पूरे रास्ते में भव्य स्वागत के साथ नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के समर्थन में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा शक्ति प्रदर्शन और रोड शो भी किया गया।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने बापू सभागार पहुंचने से पूर्व जवाहरलाल नेहरू पथ पर नेहरू पार्क में अवस्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद, हड़ताली मोड़, हाईकोर्ट मोड़, इनकम टैक्स गोलंबर होते हुए डाकबंगला चौराहे के रास्ते गांधी मैदान स्थित बापू सभागार पहुंचें। इस स्वागत समारोह की अध्यक्षता निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने किया।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने अपने स्वागत समारोह में कहा कि मेरे जैसा आम राजनीतिक कार्यकर्ता को ऐसा खास पद केवल कांग्रेस पार्टी ही दे सकती है। मैं किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आता हूँ बल्कि ऐसे परिवेश से आया हूँ जिसने संघर्ष से रास्ता बनाया। मैं दल को मजबूत करूँगा और कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का काम करूंगा।
अपने घटक दलों से भी कहता हूं कि कांग्रेस को गठबंधन में पूरी भागीदारी देने का काम करेंगे तभी हम भाजपा को हराने के अपने मकसद में कामयाब हो पाएंगे। भाजपा के खिलाफ उन्होंने एक एक कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार होने को कहा।
उन्होंने राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करने की अपील कार्यकर्ताओं से की। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी को बहुत अच्छे से संभाला। उन्होंने संगठन के सभी मंच मोर्चों को मजबूत करने की बात भी की।
लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार ने नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बहुत उम्मीदों को संजोकर किसी को अध्यक्ष पद पार्टी द्वारा दिया जाता है और नवनियुक्त अध्यक्ष उन उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। नए अध्यक्ष पार्टी को मजबूती के साथ एक नई ऊर्जा देंगे।
बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने अभिनंदन करते हुए कहा कि जिस तरह आज नवनियुक्त अध्यक्ष के स्वागत में पूरी पटना की सड़कें जाम हो गयी उसे देखकर लगता है कि आने वाले दिनों में पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आगामी 28 दिसम्बर को कांग्रेस स्थापना दिवस से बिहार में भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसमें मजबूती से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर अपनी ताकत का प्रदर्शन करना होगा।
निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि दल की मजबूती के लिए केवल अध्यक्ष ही नहीं एक-एक कार्यकर्ता अपनी ताकत लगाएं तभी हमारी पार्टी वापस से मजबूती से उभर के आएगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव व केरल के प्रभारी तारिक अनवर ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने पूरे भरोसे और जिम्मेदारी के साथ नवनियुक्त अध्यक्ष को नेतृत्व सौंपा है और यह कांटों का ताज है जिसको सम्भालना है। इस पद की गरिमा को निवर्तमान अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा की तरह ही स्थापित रखेंगे।
बिहार कांग्रेस के प्रभारी सचिव अजय कपूर ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि अखिलेश बाबू मजबूत नेता है और उनके अध्यक्ष बनने से बिहार में पार्टी और मजबूत होगी। कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा ने कहा कि पार्टी के मजबूती के लिए नवनियुक्त अध्यक्ष से काफी उम्मीदें हैं।
पूर्व राज्यपाल व वरिष्ठ नेता निखिल कुमार ने कहा कि पूरे बिहार के कार्यकर्ताओं ने दिल खोलकर हमारे नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत किया वो काबिलेगौर है। बापू सभागार में स्वागत समारोह के बाद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह को निवर्तमान अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में कार्यालय हस्तांतरित करते हुए शुभकामनाएं दी। मंच संचालन का कार्य पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष व विधान पार्षद डॉ समीर कुमार सिंह ने किया।
पटना से संजय कुमार मुनचुन की रिपोर्ट