कोरोना वायरस अब तक दुनियाभर में 134636 लोगों की जान ले चुका है। वहीं इससे संक्रमित लोगों की संख्या बुधवार को 20 लाख के पार पहुंच गई। वर्ल्डओमीटर डॉट इंफो के मुताबिक 16 अप्रैल2020 की सुबह 9 बजे तक दुनियाभर में इसके कुल मामलों की संख्या 2083326 तक पहुंच गई है। इसके अलावा पूरी दुनिया में अब तक 510350 मरीज ठीक भी हुए हैं। दिसंबर 2019 में जब चीन के वुहान में इसका पहला मामला सामने आया था तब से लेकर अब तक इस वायरस ने पूरी दुनिया में बड़ी तेजी से अपने पांव पसारे हैं। आपको ये भी बता दें कि आज दुनिया के 214 देश इससे जूझ रहे हैं वहीं 166 देशों में इसकी वजह से किसी न किसी की जान गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन 11 मार्च 2020 को इसे वैश्विक महामारी घोषित किया था।
यहां पर ये जान लेना हम सभी के लिए बेहद जरूरी है कि इस वायरस का पहला मामला सामने आने से लेकर इसके मरीजों की संख्या 10 लाख पहुंचने में 93 दिन लगे थे। लेकिन अगले 13 दिनों में ही इन मरीजों की संख्या पूरी दुनिया में 20 लाख को पार कर गई थी। ये आंकड़ा इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि इन 1 दिनों के अंदर इस वायरस ने तेजी से दुनिया में पांव पसारे 10 लाख से अधिक लोग इसकी चपेट में आए।