द एचडी न्यूज डेस्क : बिस्कोमान के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार सिंह को विधान परिषद भेजने के बाद लालू यादव ने अब उन्हें एक और बड़ी जिम्मेदारी दे दी है. राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह ने बिहार विधान परिषद के नव निर्वाचित सदस्य सुनील सिंह को पार्टी का प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाया गया है.
जगदानंद सिंह की तरफ से सुनील कुमार सिंह को पार्टी का प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है. इसकी जानकारी प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने दी है. सुनील सिंह को कोषाध्यक्ष बनाए जाने के बाद आरजेडी के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी है. सुनील सिंह लालू परिवार के बेहद करीबी माने जाते हैं और वह लगातार रांची रिम्स जाकर आरजेडी सुप्रीमो से मुलाकात करते रहे हैं.
सुनील सिंह को कोषाध्यक्ष बनाए जाने के बाद पार्टी के प्रदेश महासचिव निराला यादव, डॉ. प्रेम कुमार गुप्ता, मदन शर्मा, संजय यादव, निर्भय अम्बेडकर, संजीव कुमार मिश्र एवं प्रमोद राम ने डॉ. सुनील कुमार सिंह को प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाने पर बधाई दी.
आपको बता दें कि पिछले दिनों आरजेडी के प्रदेश कोषाध्यक्ष राकेश रंजन ने पहले ही इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने फरवरी महीने में अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेज दिया था और अब उनकी जगह सुनील कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया है.