अनिश कुमार
खगड़िया: प्रवासी मजदूरों के अन्य जिलों में फरार होने के बाद खगड़िया जिला प्रशासन सजग हो गया है। स्पेशल ट्रेन के आने की सूचना के बाद से हीं प्रशासन तैयारी में जुट गया था और इसको लेकर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध भी किए गये हैं। हरियाणा से 1267 प्रवासियों को लेकर स्पेशल ट्रेन खगड़िया जंक्शन पहुंची। इस दौरान प्रशासन द्वारा सभी मजदूरों के लिए पेयजल और भोजन के पैकेट की भी व्यवस्था की गई थी। स्टेशन पर हीं सभी श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की गयी। फिर उनको सुरक्षित अपने अपने गृह जिला भेजा गया। श्रमिक स्पेशल ट्रेन पहुंचने की सूचना के बाद से ही जिला प्रशासन अलर्ट हो गया था। शहर के सभी ट्रैफिक व्यवस्था को बंद कर दिया गया था।
ट्रेन से आने वाले सभी श्रमिकों का जंक्शन पर हीं थर्मल स्कैनिंग किया गया। छह मजदूरों में लक्षण पाए गये, जिनको सदर अस्पताल में हीं आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। इन सैम्पल जांच के लिए भेजा जायेगा। इन प्रवासी मजदूरों में खगडिया जिले का एक भी मजदूर नहीं है। कोई भी प्रवासी मजदूर फरार न हो, इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी, मेडिकल टीम को स्टेशन पर लगाया गया था। डीएम आलोक रंजन खुद स्टेशन पर मोनिटरिंग करते रहे। संबंधित जिला के श्रमिकों को ले जाने के लिए गाड़ियों की व्यवस्था की गयी थी। इन श्रमिकों में अधिकांश पूर्णिया, अररिया व किशनगंज जिलों से हैं।