रांची : झारखंड कांग्रेस को-आर्डिनेशन कमेटी की बैठक रांची के कांग्रेस ऑफिस में चल रही है. प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे की अध्यक्षता में चल रही इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, सांसद गीता कोड़ा, मंत्री बादल पत्रलेख, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, प्रदीप यादव, प्रदीप बालमुचू, सुखदेव भगत, शहजादा अनवर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शिरकत कर रहे हैं.
कोआर्डिनेशन कमेटी के तीन मंत्री सदस्य आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता और रामेश्वर उरांव अलग अलग वजहों से बैठक में शामिल नहीं हुए. बैठक में राज्य की वर्तमान राजनीतिक हालात, भाजपा की ओर से लगातार सरकार के मुखिया पर किए जा रहे राजनीतिक आरोपों, सदस्यता अभियान और संगठन सशक्तिकरण अभियान संवाद की समीक्षा हो रही है.
वहीं, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा, लातेहार, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, कोडरमा, चतरा, हजारीबाग, गुमला, लोहरदगा, खूंटी और रामगढ़ में संगठन सशक्तिकरण अभियान की समीक्षा की जाएगी. इससे पहले कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने बिरसा मुंडा एयर पोर्ट पर कांग्रेस के कार्यक्रमों की जानकारी दी. वहीं ऑफिस ऑफ प्रॉफिट सहित कई तरह के आरोपों का गठबंधन पर असर के जवाब में कहा कि ये कानूनी प्रक्रियाएं हैं और उसका कोई असर राज्य में सरकार या गठबंधन पर नहीं पड़ेगा.
गौरी रानी की रिपोर्ट