PATNA : चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 22 मार्च दिन बुधवार से हो रही है, इस साल मां दुर्गा का आगमन नौका पर हो रहा है। जब भी बुधवार से नवरात्रि की शुरुआत होती है तो मां दुर्गा पृथ्वी पर नौका पर सवार होकर आती हैं। दिन के अनुसार, माँ दुर्गा की सवारी का निर्धारण होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, चैत्र में शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि यानि नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा गणेश जी, भगवान कार्तिकेय समेत अपने परिवार के साथ पृथ्वी लोक पर पधारती हैं।
इस साल चैत्र नवरात्रि बुधवार को शुरु हो रही है, इसलिए मां दुर्गा की सवारी नौका है। जब मातारानी नौका पर सवार होकर आती हैं तो यह मनुष्यों के लिए शुभ संकेत होता है। मां दुर्गा की कृपा भक्तों को प्राप्त होगी और उनकी मनोकामनाएं भी पूर्ण होंगी। जो व्यक्ति पूरे भक्ति भाव से नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा करता है, उसको कार्यों में सफलता प्राप्त होगी।
जिस प्रकार मातारानी के आगमन की सवारी होती है, वैसे ही प्रस्थान की भी सवारी होती है। जब मां दुर्गा बुधवार या शुक्रवार को पृथ्वी लोक से विदा होती हैं तो उनकी सवारी हाथी है। ऐसे में इस साल चैत्र नवरात्रि का समापन 31 मार्च शुक्रवार को पारण वाले दिन होगा। ऐसे में मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर प्रस्थान करेंगी। हाथी की सवारी को शुभ संकेत माना जाता है। मां दुर्गा के हाथी पर प्रस्थान का अर्थ यह है कि उस समय में अच्छी बारिश की संभावना होगी।
पटना से सुरभि सिंह की रिपोर्ट