रांची : आज बाबासाहेब आंबेडकर की 64वीं पुण्यतिथि है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव, विधायक दल नेता आलमगीर आलम, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता छोटू, वरीष्ठ कांग्रेस नेता निरंजन पासवान समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने भारतीय संविधान के जनक, भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांसुमन अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने श्रद्धा सुमन के संदेश में कहा कि डॉक्टर अंबेडकर ने अस्पृश्यता, अशिक्षा, अंधविश्वास के साथ-साथ ही सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक विषमता को सबसे बड़ी बुराई के रूप में देखने का काम किया और एक नैतिक एवं न्याय पूर्ण आदर्श समाज के निर्माण के लिए उन्होंने स्वाधीनता, समानता और भ्रातृत्व के सूत्रों को आवश्यक बताया और उनका कड़े शब्दों में समर्थन किया. उन्होंने मूक और अशिक्षित व निर्धन लोगों को जागरूक बनाने के लिए मूकनायक और बहिष्कृत भारत सप्ताहिक पत्रिका संपादित कर देश को व्यापक संदेश दिया.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि भारतीय संविधान के जनक डॉ. आम्बेडकर एक न्यायविद, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे, जिन्होंने शोषित वर्गों, महिलाओं और श्रमिकों के साथ भेदभाव के खिलाफ अभियान चलाया. कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे. वे स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री भी बने और आजाद भारत को एक दिशा देने का काम किया.
कृषि मंत्री बादल ने आज हजारीबाग रोड स्थित पुराना बाजार एवं डिस्ट्रिक्ट मोड़ चौक पर बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस मौके पर उन्होंने लोगों की समस्या सुनी और बाबा साहेब द्वारा संविधान प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी, बल्कि एक समाज सुधारक के रूप में उन्होंने जात-पात और छुआछूट के खिलाफ अभियान चलाकर समाज में हो रहे भेदभाव को समाप्त करने का प्रयास किया.
इसके पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे लाल किशोर नाथ शाहदेव और डॉक्टर राजेश गुप्ता छोटू समेत अन्य नेताओं ने राजधानी रांची के डोरंडा स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर ने एक प्रतिभाशाली राजनीतिक विचारक, वकील और अर्थशास्त्री के रूप में अपनी पहचान बनायी और देश को दिशा प्रदान किया. आलोक दूबे ने कहा कि भारत रत्न ने अपने जीवन के 65 वर्षों में देश को सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, औद्योगिक, संवैधानिक सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनगिनत कार्य करके राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि बाबा साहेब ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भारत के संविधान को तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. प्रदेश प्रवक्ता राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि बाबा साहेब एक महान प्रेरक, वक्ता, राजनीतिक विचारक और सामाजिक कार्यकर्त्ता थे. जिनकी ईमानदारी, समर्पण, दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत को पूरी दुनिया आज भी याद करती है. श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में बाबा साहब विचार मंच के मधुसूदन कुमार, राम कुमार राम अवधेश कुमार पाल, सुजीत कुमार, अवध बिहारी राम और उषा देवी मुख्य रूप से मौजूद थे.
गौरी रानी की रिपोर्ट