रांची:- झारखंडवासियों की घर वापसी के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया गया है। राज्य सरकार ने देश के विभिन्न प्रांतों में फंसे प्रवासियों की सुरक्षित वापसी की मुहिम के तहत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आरंभ किया है। राज्य सरकार विभिन्न राज्यों एवं केंद्र सरकार से हर संभव समन्वय स्थापित कर रही है जिससे कि झारखंड के लोग सुरक्षित अपने घर वापस आ सकें।
प्रवासी मजदूरों के राज्य के बाहर फंसे होने संबंधित रोजाना बड़ी संख्या में कॉल आ रहे हैं। इनकी वापसी में सहायता के लिए राज्य सरकार ने ऑनलाइन झारखंड यात्रा पंजीकरण प्रपत्र वेबलिंक http://jharkhandpravasi.in/ जारी किया है। इससे राज्य के बाहर फंसे मजदूर जो वापस आना चाहते हैं, वे खुद को पंजीकृत कर सकते हैं। जिसके जरिये उन तक राज्य सरकार की सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। दूसरे राज्यों में फंसे झारखंडवासियों से सरकार ने अपील की है कि वे घर वापसी तक संयम बरतें। लॉक डाउन और शारीरिक दूरी का पालन करें। नए वेब लिंक के जरिये दूसरे राज्य में फंसे मजदूर, विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन कराएं। इससे वे राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सुविधा का उपयोग कर सकेंगे।