रांची : झारखंड में दूसरे प्रदेशों से लौटे प्रवासी मजदूरों की जांच बढ़ाने के बाद नए संक्रमित मरीजों की लगातार पहचान हो रही है. शनिवार को भी राज्य में 54 नए कोरोना संक्रमित की पहचान कर उन्हें कोविड वार्ड में भर्ती किया गया. राहत की बात यह है कि राज्य में स्वस्थ होनेवाले मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है. शनिवार को तो रिकार्ड 131 मरीज स्वस्थ हुए. एक दिन मेें इतनी अधिक संख्या में पहली बार मरीज स्वस्थ हुए हैं. इससे स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर अब 816 हो गई है. झारखंड में कोरोना मरीजों की संख्या 1711 हो गई है.
राज्य में एक दिन में छह फीसद बढ़ गई मरीजों के स्वस्थ होने की दर
इधर, शनिवार को सबसे अधिक कोडरमा में कुल 35 नए संक्रमित की पहचान हुई. इसी तरह, पूर्वी सिंहभूम में दस, रामगढ़ में छह, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम सरायकेला-खरसावां तथा चतरा में तीन-तीन, गढ़वा में दो, तथा रांची में एक मरीज की पहचान हुई. रांची का संक्रमित रिम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती मरीज है जिसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई.
सबसे अधिक कोडरमा में 35 नए मरीजों की हुई पहचान
इधर, राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने तथा नए संक्रमित की पहचान के बाद कुल एक्टिव केस की संख्या 887 हो गई है. इस तरह कुल मामले बढ़कर 1711 हो गए हैं जिनमें 816 स्वस्थ भी हुए हैं. राज्य में एक दिन में रिकार्ड 131 कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने से राज्य में रिकवरी रेट छह फीसद बढ़ गई है. एक दिन पूर्व शुक्रवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर 41.36 फीसद थी जो बढ़कर 47.69 हो गई. बता दें कि राष्ट्रीय स्तर पर यह दर 49.92 है. सूबे में अबतक आठ लोगों की मौत हो चुकी है.
कहां कितने स्वस्थ हुए
चतरा-चार, धनबाद-29, पूर्वी सिंहभूम-दो, हजारीबाग-4, रामगढ़-38, सिमडेगा-36, कोडरमा-छह और लातेहार-दो
जिलावार सक्रिय मामले
जिला : एक्टिव केस
सिमडेगा : 164
पूर्वी सिंहभूम : 187
रामगढ़ : 59
हजारीबाग : 39
धनबाद : 33
गुमला : 59
कोडरमा : 85
गिरिडीह : 21
पश्चिमी सिंहभूम : 40
गढ़वा : 30
चतरा : 17
रांची : 33
सरायकेला-खरसावां : 28
जामताड़ा : 26
लातेहार : 20
पाकुड़ : 24
लोहरदगा : 17
खूंटी : 11
पलामू : 13
बोकारो 05
देवघर : 00
साहिबगंज : 00
दुमका : 00
गोड्डा : 00