रांची : छठ के अवकाश के बावजूद झारखंड में दो दिनों में 27,631 लोगों की जांच की गई और 1.30 प्रतिशत यानी 360 नए कोरोना संक्रमित मिले. वहीं 522 लोग स्वस्थ भी हुए हैं. जबकि शुक्रवार को दो और शनिवार को छह कुल आठ लोगों की मौत हो गई है. दो दिनों में धनबाद, जमशेदपुर, गुमला, हजारीबाग, जामताड़ा और गोड्डा से एक-एक मरीज की मौत हुई है.
वहीं रांची के दो मरीजों की मौत शनिवार को हुई. राज्य में अब तक 945 मरीजों की मौत चुकी है. वहीं अब तक 1,07,332 संक्रमित मिल चुके हैं. इनें 1,03,957 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं. इस समय कुल एक्टिव केस 2,430 है.

रांची में एक्टिव मरीजों की संख्या एक हजार से कम
शनिवार को कुल 175 नए संक्रमित मिले हैं. जिसमें रांची से 59 मिले हैं. रांची में करीब दो महीने बाद एक्टिव मरीजों की संख्या एक हजार से कम 902 पर पहुंच गई है. वहीं जमशेदपुर 28, बोकारो 25, देवघर पांच, धनबाद 23, दुमका, गढ़वा व गोड्डा तीन-तीन, गिरिडीह, जामताड़ा, खूंटी, सिमडेगा और प. सिंहभूम से एक-एक संक्रमित मिले हैं. गुमला व पलामू से दो-दो, रामगढ़ आठ और सरायकेला से सात नए संक्रमित मिले हैं.
333 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई
शनिवार को राज्य भर में 333 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है. इनमें बोकारो 15, देवघर आठ, धनबाद 40, पूर्वी सिंहभूम 38, गढ़वा पांच, गोड्डा दो, गुमला आठ, खूंटी व लोहरदगा चार-चार, पलामू व रामगढ़ 10-10, रांची 171 व प. सिंहभूम से सात मरीज स्वस्थ हुए हैं.