रांची:- झारखंड में कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। स्वास्थ सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने बताया कि गुरुवार को आई कोरोना जांच रिपोर्ट के आधार पर पांच लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई। पांचों ही पलामू के रहने वाले हैं। इनमें से मनातू व नौडीहा से दो-दो और पाटन की एक महिला शामिल है। इसके साथ ही राज्य में अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 132 हो गई है। वायरस का संक्रमण राज्य के 12 यानी 50 फीसदी जिलों में पहुंच चुका है। राज्य के कुल कोरोना संक्रमितों में से 4 की मौत हो चुकी है। 41 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। वहीं, गुरुवार को बोकारो से राहत भरी खबर आई। यहां बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में भर्ती तीन कोरोना संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। अब बोकारो जिला कोरोना मुक्त शहर बन चुका है। बताते चलें कि बोकारो में 10 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इनमें से एक की मौत हो चुकी है और स्वस्थ होने पर 6 को पहले ही अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी थी।
राज्य में कोरोना संक्रमण से पीड़ित मरीजों के ठीक होने की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बुधवार को पांच और मरीज ठीक हुए। इसके साथ ही ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 38 हो गई। पांच मई तक 33 मरीज ठीक हो चुके थे। कोडरमा के बाद बुधवार को गिरिडीह भी ग्रीन जोन में आ गया। राज्य में अब ग्रीन जोन जिलों की संख्या 13 हो गई है। कोडरमा में 10 अप्रैल को मिला मरीज मंगलवार जबकि गिरिडीह में 13 अप्रैल को मिला मरीज बुधवार को ठीक हो गया। झारखंड में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का ग्रोथ रेट 2.52% है।