द एचडी न्यूज डेस्क: शिखर धवन की कप्तानी में भारत ने कल श्रीलंका को पहले एकदिवसीय मुकाबले में 7 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में सबसे ज्यादा किसी ने सुर्खिया बटोरी तो वो बिहार के लाल ईशान किशन थे। ईशान ने अपने डेब्यू वन डे में धमाकेदार अर्ध शतक लगाया। ईशान ने 42 गेंदों में 8 चौके और 2 गगनचुंबी छक्कों के सहारे 59 रन की प्रभावी पारी खेली। ईशान किशन के लिए कल का दिन बेहद खास था। क्योंकि कल ईशान किशन का जन्मदिन था। इसी के साथ अपने जन्मदिन पर वनडे में डेब्यू करने वाले ईशान किशन दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। भारत की ओर से ईशान किशन से पहले गुरशरण सिंह एकमात्र खिलाड़ी थे, जिन्होंने अपने जन्मदिन पर डेब्यू किया था। उन्होंने 8 मार्च, 1990 को हेमिल्टन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने करियर की शुरुआत की थी।
अपने जन्मदिन के खास मौके पर वनडे डेब्यू करने वाले ईशान किशन ने आते ही धनंजय डिसिल्वा की पहली गेंद पर सिक्स उड़ा दिया। वहीं अगली गेंद पर करारा शॉट लगाते हुए पॉइंट पर चौका जड़ दिया। इसके बाद देखते ही देखते ईशान ने 33 गेंदों में हाफ सेंचुरी पूरी कर ली।
आपको बता दें कि इशान किशन ने 14 मार्च 2021 को अहमदाबाद में इंग्लैंड के खिलाफ टी 20 से डेब्यू किया था। और इशान ने अपने टी20 डेब्यू मैच में 32 गेंद में 56 रन की पारी खेली थी। उस मैच में वह प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए थे।
ईशान किशन का जन्म 18 जुलाई 1998 को पटना में हुआ था। इशान जब 15 साल के थे, तब उनका चयन झारखंड की रणजी टीम में था। उन्होंने असम के खिलाफ गुवाहाटी में ओपनिंग करते हुए 60 रन बनाए। फिर उनका चयन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ। राहुल द्रविड़ की कोचिंग वाली टीम में उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी मिली। द्रविड़ ने उनके करियर को संवारने में बहुत मदद की। खास बात यह है कि जब इशान किशन को भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम का कप्तान चुना गया था, तब उस टीम के कोच राहुल द्रविड़ थे। और अब श्रीलंका में भारत की सीमित ओवर फॉर्मेट की टीम के हेड कोच भी राहुल द्रविड़ ही हैं। ईशान किशन के इस प्रदर्शन के बाद वीवीएस लक्ष्मण से लेकर हर्षा भोगले तक ने उनकी तारीफ की है। ऐसे में आने वाले मैचों के लिए ईशान किशन से और भी उम्मीदें बढ़ गई है। आपको बता दें कि ईशान किशन आईपीएल में मुंबई इंडियंस के तरफ से खेलते हैं। जो पांच बार की चैंपियन रही है।