PATNA: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज ‘समाधान यात्रा’ के क्रम में कैमूर जिले में विभिन्न विभागों के अंतर्गत चल रही विकास योजनाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कैमूर जिलान्तर्गत भगवानपुर प्रखंड के ग्राम पढ़ौती स्थित वार्ड संख्या-9 का भ्रमण कर पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के पढ़ौती ताल, हर घर नल का जल तथा मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना आदि का जायजा लिया।
जीविका दीदियों एवं किसानों द्वारा स्प्रिंकलर के माध्यम से सिंचाई कर जैविक तकनीक से प्याज, सरसों, मटर, चना आदि की खेती की जा रही है, जिसका मुख्यमंत्री ने मुआयना किया। इस दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री को स्प्रिंकलर सिंचाई एवं जैविक तकनीक से की जा रही खेती से होने वाले लाभ के संबंध में जानकारी दी। किसानों ने बताया कि स्प्रिंकलर के माध्यम से खेत की सिंचाई करने पर खेत की नमी जल्द ही खत्म हो जाती है जिससे प्याज का साइज बड़ा होता है। अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसको प्रमोट करायें, ये किसानों के लिये लाभकारी है।
मुख्यमंत्री ने पढ़ौती ग्राम के वार्ड संख्या- 9 में स्थित महादलित बस्ती का जायजा लेने के क्रम में लोगों की समस्यायें सुनीं और उसके यथाशीघ्र समाधान के लिये अधिकारियों को निर्देश दिया। बिहार महादलित सामुदायिक भवन- सह वर्क शेड पढ़ौती का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने बिहार महादलित विकास मिशन अंतर्गत संचालित रविदास किशोरी समूह एवं अंबेडकर किशोरी समूह की बालिकाओं से बातचीत की। ग्राम पढ़ौती के वार्ड संख्या-7 में मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत जीर्णोद्धार किये गये कुएं एवं सोखता निमार्ण का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने ग्राम पढ़ौती के वार्ड संख्या – 7 में विकसित पुस्तकालय का शिलापट्ट का अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने पुस्तकालय कक्ष, प्रशासनिक कक्ष अध्ययन कक्ष एवं लाइब्रेरियन कक्ष आदि का मुआयना किया। लाइब्रेरियन को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की लड़ाई में बापू की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं मौलाना अबुल कलाम आजाद से संबंधित पुस्तकें भी इस पुस्तकालय में जरूर रखें। लोगों की जानकारी के लिये पुस्तकालय में पौराणिक चीजों को भी लगवायें।
पटना से कुमार गौतम की रिपोर्ट