NALANDA: नालंदा में पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के रिश्तेदार को बदमाशों ने रविवार की रात गोली मार दी। जिसमें धरहरा गांव निवासी पिंटू कुमार घायल हो गए। बदमाशों ने पिंटू कुमार घर से बुलाकर सीने में गोली मारी है। घायल व्यक्ति को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। गोली लगने की सूचना के बाद इलाके और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
बतातें चलें कि रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के पैतृक गांव मुस्तफापुर में अस्थावां विधानसभा की बैठक हुई थी। इसमें आरसीपी सिंह के रिश्तेदार पिंटू सिंह ने हिस्सा लिया था। बैठक में हिस्सा लेने के बाद पिंटू सिंह अपने गांव धरहरा लौट आया था। इसके बाद पिंटू सिंह को उसके घर के पास में ही गोली मारी गई है।
घटना के संबंध में पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कड़े तेवर में कहा कि इस गोलीबारी की घटना को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत अंजाम दिया गया है। उन्होंने इस घटना के पीछे सीधे-सीधे जेडीयू को जिम्मेदार ठहराया है। बताया गया कि जिसके द्वारा गोली मारी गई है वह जेडीयू नेता है। आरसीपी सिंह ने कहा कि पिंटू सिंह को गोली इसलिए मारी गई है क्योंकि वह हमारे साथ रहकर काम करता है। वहीं जख्मी हुए युवक ने यह भी कहा है कि गोली मारने वाले शख्स ने आरसीपी सिंह का साथ छोड़ने की धमकी देकर गोली मारी है।
वहीं राजगीर डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जख्मी युवक को पटना रेफर किया गया है। पुलिस पटना जाकर बयान दर्ज कर रही है। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।