BHAGALPUR: भागलपुर के जेल में अपने पति से मिलने गई महिला को ऐसा सदमा लगा कि उसकी मौत हो गई। महिला 9 महीने की प्रेग्नेंट बताई जाती है। मंगलवार (6 जून) को महिला अपने पति से मिलने के लिए भागलपुर के विशेष केंद्रीय कारा पहुंची थी। पति से मुलाकात के दौरान पत्नी ने जैसे ही पति का चेहरा देखा तो वह गिरकर बेहोश हो गई। परिजन अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टर ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान घोघा थाना क्षेत्र के जनीडीह निवासी गोविंद कुमार उर्फ गुडडू की पत्नी पल्लवी कुमारी (24) के रूप में हुई है। दोनों ने 2 साल पहले लव मैरिज की थी।
8 महीने बाद जेल में मिलने गई थी
मामले को लेकर महिला के देवर विक्की यादव ने बताया कि करीब एक साल पहले पास के ही विनोद यादव से ज़मीन को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोविंद (गुड्डू) को धारा 307 के तहत जेल भेज दिया। मंगलवार दोपहर पल्लवी अपने पति से मुलाकात के लिए जेल गई थी। पति के काफी दिन से जेल में रहने के कारण पल्लवी सदमे में रहने लगी थी। जेल में पति को देखते ही वह चक्कर खाकर गिर गई।
परिजन फौरन उसे मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पल्लवी के गर्भ में 9 महीने का बच्चा भी था। डॉक्टर ने डिलीवरी की तारीख 27 जून दी थी। अब गोविंद के परिजनों ने दाह संस्कार के लिए न्यायालय से पैरोल देने की गुहार लगाई है।
पुलिस की लापरवाही से भाभी की मौत हुई
महिला के देवर विक्की यादव ने मीडिया से कहा कि पुलिस की मनमानी के चलते उसकी भाभी की जान गई है। पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की। दोनों ओर से आवेदन दिया गया था। लेकिन दूसरे पक्ष के लोग दबंग किस्म के हैं, इसलिए पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनसे पैसे लेकर पुलिस ने उनके भाई को जेल भेजा है। आज हमारा पूरा घर बिखर गया।