बेगूसराय में मां ने घर में नशे में धुत बेटे को खाना खाने के लिए बुलाने गई तो गुस्से में बेटे ने मार दी गोली। घटना जिले के मटिहानी और मरांची थाना क्षेत्र के सीमावर्ती सीतारामपुर गांव के वार्ड-20 में घटी। महिला को परिजनों ने आनन-फानन में इलाज के लिए शहर के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर मटिहानी और मरांची की पुलिस मौके पर पहुंच मामले की पड़ताल की। मिली जानकारी के अनुसार रामबालक यादव के बेटे अंगद कुमार ने अपनी मां की लगभग 50 वर्षीया अंजू देवी को गोली मार दी। घायल महिला की बड़ी पुत्रवधू इंदु देवी ने बताया कि मंगलवार की देर शाम उसकी सास अपने बेटे को खाना खाने के लिए बुलाने गई, इतने में नशे में धुत्त बेटा आगबबूला हो उठा और मां पर गोली चला दी।
पड़ोसी ने बताया कि आरोपी पुत्र अपराधिक प्रवृत्ति का है। उसने बताया कि रात में वह अपने कुछ मित्रों के साथ नशे में धुत होकर घर आया। उसकी मां उसे खाना खाने के लिए बुलाने गई। उसी समय उसने गोली मार कर मां को घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मटिहानी एवं मरांची थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अंगद कुमार को एक पिस्तौल एवं जो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
जीवेश तरुण की रिपोर्ट