PATNA: पटना जिले के बख्तियारपुर में शुक्रवार को एक मिनी ट्रक ने सामने से आ रहे दो ई रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा बखितयारपुर थाना के तहत मोगलपुरा के पास हुआ। वहीं, हादसे के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दुख जताया है। कुल 6 मौतों में 3 महिलाएं हैं। घटना के बाद ड्राइवर फरार हो गया।
मृतकों में तीन की पहचान हो गई है। इनमें बख्तियारपुर के नया टोला के रंजीत मिश्रा (55), ग्यासपुर महाजी की रहने वाली लालपड़ी देवी (55) और काला दियारा इलाके की रहने वाली किरण कुमारी (24) के रूप में हुई। एक महिला समेत बाकी तीन लोगों की पहचान की जा रही है।
बताया जाता है कि स्टेट हाइवे 106 पर फतुहा की ओर से दो ई रिक्शा को बख्तियारपुर की तरफ से आ रही मिनी ट्रक ने पहले जोरदार टक्कर मारी। फिर अनियंत्रित होकर उसी पर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जब तक आसपास के लोग पहुंचे, तब तक दो महिला और एक पुरुष की मौत हो चुकी थी।
घटना में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इनमें से 6 को इलाज लिए पटना भेजा गया था। इलाज के दौरान तीन लोगों की और मौत हो गई। इस तरह से हादसे में मरने वालों की संख्या 6 हो गई। बाकी 4 घायलों का इलाज अभी भी चल रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही बख्तियारपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से घायलों को पहले पास के सरकारी हॉस्पिटल में पहुंचाया गया। इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद बाढ़ के ASP भी मौके पर पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, मिनी ट्रक पर कबाड़ी का सामान लोड था। पुलिस ने मिनी ट्रक और ई रिक्शा को जब्त कर लिया है। मिनी ट्रक के ड्राइवर का भी पता लगाया जा रहा है। इसके अलावा पोस्टमॉर्टम के लिए सभी शव को भेज दिया गया है।