JHARKHAND : राजधानी रांची में इन दिनों गर्मी से आम जनता को राहत नहीं मिल रही है। दूसरी तरफ गर्मी काफी बढ़ जाने पर सभी तालाब का बुरा हाल है। कई ऐसे तालाब हैं जो पूरी तरह से सूख गए हैं। वहीं नगर निगम के नगर आयुक्त शशि रंजन ने बताया कि, सभी वार्डों में नगर निगम की ओर से पानी पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
जबकि, आम जनता का कहना है कि, जो सप्लाई पानी भी आ रहा है वो काफी गंदा रहता है। उस पानी से कोई भी काम नहीं हो पाता है। सिर्फ कपड़े साफ किया जा सकता है। राज्य में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने अप्रैल महीने में ही मई और जून की गर्मी का एहसास करा दिया है। राजधानी रांची सहित 17 जिलों का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है।
अप्रैल महीने में ही गरम हवा के थपेड़े ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है और कई वर्षों बाद अप्रैल में ऐसी तपिश ने लोगों को लू की याद दिला दी है। घरों से दिन में निकलना मुश्किल हो गया है। रांची में अप्रैल के अंत और मई के शुरूआती दौर में जहां तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचता था। इस वर्ष अभी से ही पारा 40 डिग्री तक पहुंच चुका है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बुधवार को बताया कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस वृद्धि की संभावना बनी हुई है। खासकर पलामू, कोल्हान और संथाल परगना के इलाके में हीट वेव चलने से परेशानी हो सकती है। उन्होंने लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा है। इधर, प्रचंड गर्मी को देखते हुए सरकार ने एक दिन पूर्व मंगलवार को ही राज्य के सभी सरकारी और गैरसरकारी स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी कर दिया है।
झारखंड से गौरी रानी की रिपोर्ट