वैशाली :
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर तेलिया सराय के पास अज्ञात अपराधियों ने हाजीपुर सिविल कोर्ट के क्लर्क की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक रंजन कुमार अपने घर महुआ से हाजीपुर सिविल कोर्ट जा रहे थे तभी अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। बुधवार को एनएच-22 पर तेलिया सराय के पास लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी। इसके बाद आसपास के लोग जुट गये। देखा कि सड़क पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है, जिसे कुछ मिनट पहले अपराधियों ने गोली मार दी थी। लोगों ने घटना की जानकारी सराय पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। जांच में पता चला कि मृतक रंजन कुमार हाजीपुर सिविल कोर्ट में क्लर्क थे। महुआ थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव से हाजीपुर सिविल कोर्ट अपने काम से जा रहा था। तेलिया सराय के पास अपराधियों ने बाइक रोककर युवक को गोली मार दी और फरार हो गये। पुलिस ने मौके से तीन खोखा बरामद किया है। मृतक की दो साल पहले ही शादी हुई थी और उसका एक बेटा भी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।