रांची ब्यूरो
रांची: रेल मंत्रालय द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि दिनांक 12 मई से देश के विभिन्न शहरों के लिए नई दिल्ली से कुल 15 जोड़ी ट्रेनें चलेंगी। इसी के अंतर्गत दिल्ली से रांची एवं रांची से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन राजधानी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन चलेगी। ट्रेन संख्या 02454 नई दिल्ली- रांची राजधानी सुपरफास्ट स्पेशल दिनांक 13 मई को नई दिल्ली से रांची के लिए तथा ट्रेन संख्या 02453 रांची-नई दिल्ली राजधानी सुपरफास्ट स्पेशल 14 मई को रांची से नई दिल्ली के लिए खुलेगी। ट्रेन संख्या 02454/02453 नई दिल्ली-रांची-नई दिल्ली राजधानी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन निम्न समय के अनुसार चलेगी।
इसके तहत ट्रेन संख्या 02454 नई दिल्ली-रांची राजधानी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली से बुधवार एवं शनिवार को 15:30 बजे प्रस्थान करेगी, कानपुर आगमन 20:25 बजे तथा प्रस्थान 20:30 बजे, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन आगमन 00:45 बजे तथा प्रस्थान 00:55 बजे एवं रांची आगमन 10:00 बजे होगा। ट्रेन संख्या 02453 रांची-नई दिल्ली राजधानी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन रांची से प्रत्येक गुरुवार एवं रविवार को 17:40 बजे प्रस्थान करेगी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन आगमन 01:40 बजे तथा प्रस्थान 01:50 बजे, कानपुर आगमन 05:45 बजे तथा प्रस्थान 05:50 बजे एवं नई दिल्ली आगमन 10:55 बजे होगा। रांची से 14 मई को खुलने वाली रांची-नई दिल्ली राजधानी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन हेतु यात्रियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। जिसके तहत यात्रियों को स्टेशन पर कम से कम 90 मिनट पहले पहुंचना होगा, ताकि उनका समय पर थर्मल स्क्रीनिंग किया जा सके। स्टेशन पर किसी भी प्रकार की खानपान की व्यवस्था नहीं रहेगी, कोई स्टॉल खुले नहीं रहेंगे। यात्रियों को अपने खान-पान का प्रबंध स्वयं करना होगा। ट्रेन में किसी भी प्रकार का चादर, कंबल या पर्दे नहीं दिए जाएंगे। यात्रियों को अपने साथ स्वयं उपयोग के लिए चादर एवं कंबल लाना होगा। यात्रियों के पास स्टेशन पर आने एवं स्टेशन से जाने के लिए कंफर्म ई-टिकट होना आवश्यक है। स्टेशनों में सभी यात्रियों का स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से किया जाएगा तथा जिन यात्रियों में COVID-19 के लक्षण नहीं पाए जाएंगे, केवल उन्हीं यात्रियों को ट्रेन पर चढ़ने की अनुमति दी जाएगी। इन ट्रेनों में यात्रा करते समय प्रत्येक यात्रियों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा तथा ट्रेनों में एवं स्टेशनों पर सामाजिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा। यात्रियों को गंतव्य स्टेशन पर उस राज्य के स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के अनुसार नियमों का पालन करना होगा। सभी यात्रियों से अनुरोध है कि वह आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कर उसका उपयोग करें।
यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वह कम से कम लगेज के साथ यात्रा करें। रांची स्टेशन से यात्रा करने हेतु यात्री केवल मुख्य प्रवेश (मेन एंट्री नॉर्थ साइड सेरसा स्टेडियम के समीप) से ही स्टेशन में प्रवेश कर सकेंगे। अन्य सभी प्रवेश द्वार बंद रहेंगे। यात्रियों से यह भी अनुरोध किया गया है कि यदि आपको सर्दी, खांसी, बुखार है या आप किसी कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए हैं तो यात्रा ना करें। यात्री अपनी यात्रा के दौरान तथा गंतव्य स्थान पर पहुंचने के पश्चात आवश्यकता के अनुसार अपना नाम, पता तथा मोबाइल नंबर देंगे। यात्रियों से अनुरोध है कि खांसते तथा छींकते वक्त अपना फेस कवर करें। यात्रियों से यह भी अनुरोध किया गया है कि यात्रा के दौरान दरवाजे का हैंडल, नल, टॉयलेट, फ्लश छूने के बाद साबुन से हाथ धो लें या सैनिटाइज कर ले। हाथ धोए बगैर या सैनिटाइज किए बगैर अपने नाक, आंख, मुंह को ना छुएं। पेपर नैपकिन या टिशु पेपर उपयोग में लाए जाने के बाद ढक्कन वाले डस्टबिन में ही डालें।