PATNA: पंचायत राज से जुड़ी योजनाओं में गति लाने के उद्देश्य से आज अधिवेशन भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह सहित बिहार सरकार के मंत्री सम्राट चौधरी भी कार्यक्रम शामिल हुए। इस कार्यक्रम में बिहार भर के चुनिंदा मुखिया, जिला पार्षद भी शामिल हुए। बैठक में जन प्रतिनिधियों की सुरक्षा का मुद्दा उठा। हालांकि बिहार में पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जरूरत पड़ी तो जनप्रतिनिधियों को सुरक्षा दी जाएगी। इस बैठक में बिहार में व्याप्त भ्रष्टाचार का भी मुद्दा जनप्रतिनिधियों ने उठाया।
सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में पंचायतों की भूमिका नाम के मुद्दे पर हुए कार्यक्रम के दौरान दोनों मंत्रियों ने विभाग की उपलब्धियां रखी लेकिन राज्य भर से आए चुनिंदा जनप्रतिनिधियों ने सुरक्षा का मुद्दा उठाया। जनप्रतिनिधियों ने भ्रष्टाचार का भी मामला पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी के सामने उठाया और कहा कि बिना पैसे के कोई काम नहीं होता है। दरअसल पंचायती राज मंत्री अलग-अलग मुखियाओं और जनप्रतिनिधियों से उनकी समस्या सुन रहे थे।
बताते चले की बिहार में सितंबर 2021 से लेकर अब तक 10 मुखिया की हत्या हुई है और उनकी सुरक्षा का सवाल उठ रहा है। इस बात को बिहार के पंचायत राज मंत्री सम्राट चौधरी ने भी माना। सम्राट चौधरी ने कहा अभी बिहार में 2 लाख 53 हजार जनप्रतिनिधि हैं। अगर समीक्षा के दौरान सुरक्षा की जरूरत पड़ी तो दी जाएगी । मुखिया की हत्या से सरकार भी चिंतित हैं। बिहार में मुखिया की हत्या हो रही है लिहाजा जनप्रतिनिधियों ने सुरक्षा की मांग की है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट।