झारखंड: अयोध्या में कल रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन है। इसको लेकर झारखंड की राजधानी रांची में हर तरफ माहौल भक्तिमय हो गया है। शहर का शायद ही कोई चौक-चौराहा, गली- मुहल्ला और घर बचा है, जहां भगवा पताका नहीं लहरा रहा हो। वहीं, अयोध्या में नव निर्मित राम मंदिर में प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर झारखंड के सरकारी कार्यालयों में कल आधे दिन की छुट्टी रखी गई है। छुट्टी को लेकर आदेश जारी कर दिया गया है। सीएम हेमंत सोरेन ने चीफ सेक्रेटरी एल ख्यांगते को सभी सरकारी कार्यालयों को 2:30 बजे तक बंद रखने को कहा गया है। वहीं, सभी सरकारी स्कूलों को पूरे दिन बंद रखने को कहा गया है। हालांकि, निजी स्कूलों को बंद करने को लेकर किसी तरह का निर्देश नहीं दिया गया है।
मेन रोड में बना राम दरबार
चंद्रशेखर आजाद क्लब की ओर से मेन रोड में दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मेन रोड में राम दरबार बनाए गए है। राम दरबार को आकर्षक तरीके से फूलों से सजाया गया है। चंद्रशेखर क्लब के प्रमुख और बीजेपी प्रदेश कार्य समिति के सदस्य रमेश सिंह ने बताया कि यहां दो दिवसीय कार्यक्रम होगा। 21 जनवरी यानी आज और 22 जनवरी को अलग-अलग कई कार्यक्रम होंगे।
आज होंगे ये कार्यक्रम
राम दरबार में जो कार्यक्रम तय हुए हैं, उसके मुताबिक आज कार सेवकों को सम्मानित किया जाएगा। दिल्ली के थियेटर से आए कलाकार रामचंद्र जी की जीवनी का मंचन करेंगे। स्वाति मिश्रा और प्रिया सिंह का भजन संध्या कार्यक्रम रखा गया है।1500 जवानों की शहर में तैनाती शहर में हो रहे रामलला के स्वागत कार्यक्रम को लेकर पुलिस भी मुस्तैद है। हर तरफ सुरक्षा को लेकर कड़े प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस पैनी नजर रख रही है। राजधानी रांची में 21 से 23 जनवरी तक 1500 जवानों की तैनाती की गई है। वहीं, रांची पुलिस की एक टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नजर रख रही है। अगर कोई भी व्यक्ति किसी भी धर्म और आस्था के खिलाफ भड़काऊ पोस्ट करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।