राजस्थान में जारी सियासी रार के बीच विधानसभा सत्र बुलाकर सदन में बहुमत साबित करने की जिद पर राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अड़े हुए हैं। उन्होंने एक बार फिर विधानसभा सत्र बुलाने को लेकर नया प्रस्ताव देने के लिए राज्यपाल कलराज मिश्र से मिलने का समय मांगा है। इसी बीच जयपुर के फेयरमोंट होटल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हो रही है, जहां गहलोत खेमे के विधायक ठहरे हुए हैं। बता दें कि इससे पहले जानकारी सामने आई थी कि राज्य कैबिनेट की आज एक बार फिर बैठक होने वाली है। यह बैठक विधानसभा सत्र बुलाने को लेकर राज्यपाल कलराज मिश्र को भेजे जाने वाले प्रस्ताव को लेकर होगी। इसे लेकर शुक्रवार रात को भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आवास पर कैबिनेट की बैठक हुई थी।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ट्वीट करके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जहां राज्यपाल को स्वयं मुख्यमंत्री धमका कर असुरक्षित महसूस करवाए, वहां चोरी, डकैती, बलात्कार, हत्या और हिंसक झड़पों से त्रस्त राजस्थान वासियों को मुख्यमंत्री के आगे अपनी सुरक्षा के लिए गुहार लगाना बेकार है! वहीं कांग्रेस ने आज पूरे राज्य में हर जिला मुख्यालय पर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया।