JHARKHAND : जामताड़ा साइबर थाना पुलिस का साइबर अपराधियों के विरुद्ध मुहिम लगातार जारी है। इसी कड़ी में साइबर थाना पुलिस की टीम ने बीती रात नारायणपुर थाना क्षेत्र के झिलुआ गांव से 7 साइबर अपराधियों को संगठित होकर साइबर अपराध करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बता दें गिरफ्तार अपराधियों में चार हिस्ट्रीशिटर है, जिसका पुराना अपराधिक इतिहास है। गिरफ्तार के समय इनके पास से 7 मोबाइल फोन और 20 सिम कार्ड बरामद किया गया है।
वहीं सभी के विरुद्ध साइबर थाना में कांड संख्या 22/23 दर्ज कर बुधवार मेडिकल जांच करवा कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से सभी को मंडल कारा जामताड़ा भेज दिया गया है। जामताड़ा एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजय पणजीकार की अगुवाई में टीम गठित की गई। जिसमें इंस्पेक्टर अनिल कुमार सहित पुलिस के जवान शामिल थे।
सूचना के आधार पर झिलुआ गांव में छापेमारी की गई। जहां से पंचम मंडल, बीयन मंडल, मनोज मंडल, जगदीश मंडल, विभीषण मंडल, कार्तिक मंडल तथा आकाश मंडल को गिरफ्तार किया गया है। यह सभी एक ही जगह पर बैठकर साइबर अपराध की घटना को अंजाम दे रहे थे।गिरफ्तार इन अपराधियों में से चार हिस्ट्रीशीटर है। जिसका पूर्व में साइबर अपराध से जुड़ा हुआ अपराधिक इतिहास भी है। जिसमें पंचम मंडल और बीयन मंडल वर्ष 2020 में जेल जा चुका है। यह दोनों कांड संख्या 68/20 के आरोपित हैं।
वहीं कार्तिक मंडल और आकाश मंडल वर्ष 2022 के अलग-अलग मामले में जेल जा चुके है। जेल से लौटने के बाद चारों साइबर अपराधी संगठित होकर अपना ग्रुप खड़ा किया और साइबर ठगी की घटना को अंजाम देना शुरू कर दिया। कार्तिक मंडल साइबर थाना कांड संख्या 43/22 में जेल जा चुका है। जबकि आकाश मंडल साइबर थाना कांड संख्या 59/22 में जेल जा चुका है।
जानकारी के अनुसार सभी साइबर अपराधी बिजली बिल जमा नहीं करने तथा बिजली का लाइन काटने का मैसेज देकर लोगों को झांसे में लेता था। उसके बाद अलग-अलग मोबाइल ऐप डाउनलोड करवा कर उस के माध्यम से मोबाइल हैक कर ठगी की घटना को अंजाम देता था।
झारखंड से गौरी रानी की रिपोर्ट