PATNA – बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुभाष सिंह का आज निधन हो गया। मंगलवार के करीब 3 बजे उन्होंने दिल्ली एम्स में अपनी आखिरी सांस ली। आपको बता दे सुभाष सिंह लम्बे समय से बीमार चल रहे थे। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद दोबारा एम्स में उन्हें भर्ती कराया गया था। विधायक के परिजनों के मुताबिक किडनी ट्रांसप्लांट होने के बाद उन्हें गोपालगंज लाया गया था। इसके बाद हालत बिगड़ने पर दोबारा दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। जहां उनका निधन हो गया।
सुभाष सिंह सूबे के पूर्व सहकारिता मंत्री व सदर विधान सभा सीट से लगातार चार बार विधायक रहे। पूर्व मंत्री के निधन की ख़बर सुनते ही भाजपा नेताओं में शोक लहर दौड़ गई। सुभाष सिंह सदर प्रखंड के ख़्वाजेपुर गांव निवासी थे। उन्होंने 1990 के दशक से अपने राजनितिक सफर की शुरुआत की थी। तब वो गोपालगंज के लिए यूनियन के अध्यक्ष हुआ करते थे। इसके बाद सहकारिता के क्षेत्र में उन्होंने काम किया। सुभाष सिंह की लोकप्रियता को देखते हुए बीजेपी ने गोपालगंज सदर विधानसभा से विधायक का टिकट दिया। भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर चुनाव जीते और लगातार चार बार विजयी होकर बिहार विधान सभा के सदस्य बने।
वर्ष 2005, 2010, 2015 और 2020 में लगातार सुभाष सिंह विधायक चुने गए। लगातार चार बार विधायक रहने पर एनडीए की सरकार में उन्हें सहकारिता मंत्री बनाया गया था। मंत्री पद के शपथ लेने के बाद उन्होंने किडनी ट्रांसप्लांट करवाया। लेकिन इंफेक्शन हो जाने के कारण दुबारा एम्स में उन्हें भर्ती कराया गया था।