द एचडी न्यूज डेस्क : झारखंड के चौथे राज्यपाल वेद प्रकाश मारवाह का शनिवार को निधन हो गया. राज्यपाल वेद प्रकाश मारवाह का 87 साल की उम्र में शनिवार को निधन हो गया. उन्होंने गोवा के मापुसा के असिलो अस्पताल में अंतिम सांस ली. वे पिछले तीन हफ्ते से अस्पताल में भर्ती थे.
वेद प्रकाश मारवाह 12 जून 2003 से 9 दिसंबर 2004 तक झारखंड के राज्यपाल रह चुके थे. मारवाह झारखंड का राज्यपाल बनने से पहले 1999 से 2000 तक मणिपुर और 2000 से 2001 तक मिजोरम के भी राज्यपाल रहे थे. मारवाह का जन्मु ब्रिटिश काल में पेशावर में हुआ था. मारवाह के पिता फकीरचंद मारवाह विभाजन के बाद भारत आ गए थे. वेद प्रकाश 1985 से 1988 तक दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद पर रहे. भारतीय पुलिस सेवा के पद पर 36 साल के कार्यकाल के दौरान मारवाह ने अलग-अलग राज्योंं में काम किया.
पूर्व राज्यपाल के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर दुख जताया. उन्होंने लिखा कि झारखंड के पूर्व राज्यपाल वेद प्रकाश मारवाह के निधन की खबर से आहत हूं. झारखंड के राज्यपाल बनने से पूर्व उन्होंने देश में कई महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवा दी थी. परमात्मा उनकी आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दें.
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के पूर्व राज्यपाल वेद मारवाह के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है. उन्होंने कहा कि वेद मारवाह ने तीन राज्यों में राज्यपाल के रूप में सेवा प्रदान करते हुए जनमानस के बीच विशिष्ट पहचान बनाई. वे लोगों के बीच अत्यन्त लोकप्रिय इंसान थे. उन्होंने बेहतर प्रशासनिक कार्यशैली से विभिन्न चुनौतियों का कुशलतापूवर्क मुकाबला किया. साथ ही पुलिस बल के मनोबल को उच्च रखने हेतु प्रेरक का काम किया. राज्यपाल ने उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें.