गुमला: झारखंड के गुमला में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सदर थाना के आंजन इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। जिसमें एक नक्सली मारा गया है। मृतक का नाम राजेश उरांव बताया जा रहा है। पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई इस मुठभेड़ में दोनों ओर से कई राउंड गोली चलने की खबर है। मुठभेड़ में मारे गये 2 लाख के इनामी नक्सली राजेश उरांव की एनआईए और झारखण्ड पुलिस को भी तलाश थी।
जानकारी के अनुसार नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। गुमला एसपी और अभियान डीएसपी पूरी टीम का नेतृत्व कर रहे थे। जहां जंगलों में टीम पहुंची तो नक्सलियों से भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ में दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई है। सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख नक्सली वहां से भाग निकले हैं।
सर्च ऑपरेशन जारी
मिली जानकारी के अनुसार जिस जगह पर मुठभेड़ हुई है वो जगह गुमला से 22 किमी दूर आंजन मरवा रोड पर है। मारे गए नक्सली के पास से जवानों को एक राइफल भी मिली है। वहीं, पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सर्च ऑपरेशन के दौरान एरिया कमांडर 2 लाख का इनामी नक्सली राजेश का शव बरामद हुआ है। एसपी एहतेशाम वकारीब ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए इसे एक बहुत बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि राजेश के मारे जाने से नक्सली कमजोर हुए हैं।
हार्डकोर उग्रवादी का एनकाउंटर
आपको बता दें कि मारा गया नक्सली राजेश भाकपा माओवादी का हार्डकोर उग्रवादी था। राजेश तुंजो गांव का रहने वाला था। राजेश को चार गोलियां लगी, जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई और उसके साथी शव को वहीं छोड़ कर जंगलो में भाग गए। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में नक्सलियों की ओर से 12 राउंड और पुलिस की ओर से 25 राउंड गोलियां चलाई गई।