रांची ब्यूरो
रांची: जन सरोकार की पत्रकारिता करने में अपनी पहचान बना चुके द एचडी न्यूज की पहल का असर रविवार को दिखा, जब द एचडी न्यूज के झारखंड के रेजिडेंट एडिटर सन्नी शरद की ट्विट पर पहल करते हुए खुद सीएम हेमंत सोरेन आगे आये और एक जरूरतमंद की मदद की। दरअसल सन्नी शरद ने हजारीबाग जिले के निवासी एक रिक्शा चालक राज कुमार रविदास की स्थिति को लेकर ट्विटर के माध्यम से पेयजल मंत्री मिथिलेश ठाकुर को जानकारी दी थी। जिसके बाद मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने खुद इस घटना पर संज्ञान लेते हुए ट्विट कर रविदास के हालात पर अफसोस जताया था और अपने व्यक्तिगत कोष से रिक्शा दिलवाने की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा था कि वह खुद सीएम से निवेदन करेंगे कि वह अपने हाथों से रिक्शे को सौंपे।
दरअसल राज कुमार रविदास रांची में रिक्शा चलाते थे। लॉक डाउन के बीच ही उनका रिक्शा चोरी हो गया था। रविदास की जीविका के लिए रिक्शा ही सहारा था। उसके चोरी हो जाने के बाद रविदास कबाड़ चुनने का काम करने लगे थे। इसी बीच उनके साथ घटी यह घटना द एचडी न्यूज के सामने आयी, जिसे लेकर सन्नी शरद ने पहल की। सीएम हेमंत सोरेन ने फिर एक बार गरीबों की मदद के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया और रविवार को अपने आवास पर रविदास को रिक्शा सौंपा। सीएम ने रविदास से न केवल बातें कर के उनके बारे में और जानकारी हासिल की बल्कि उन्होंने रविदास को आर्थिक मदद भी किया। इस मौके पर सीएम के कई और सहयोगी भी उपस्थित थे।