Jehanabad: बिहार में शराबबंदी कानून पूर्ण रुप से लागू है और उत्पाद विभाग की टीम लगातार अवैध रुप से शराब का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसने के प्रयास में लगी हुई है। लेकिन प्रदेश में शराब कारोबारियों के हौसले बुलंदियां छू रहे हैं। ताजा मामला जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के पलया मुसहरी से सामने आ रहा है। जहां छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर शराब कारोबारियों ने हमला बोल दिया। इस हमले में दो पुलिसकर्मी और एक स्थानीय महिला घायल हुई है।
घायल गुड़िया कुमारी समेत दोनों पुलिसकर्मी का इलाज रेसलर अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार उत्पाद टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में अवैध शराब का कारोबारी धड़ल्ले से चल रहा है। इसी सूचना के बाद पुलिस गांव में छापेमारी करने पहुंची थी।
आपको बता दें कि सूचना पर पुलिस पलया मुसहरी गांव रेड के लिए पहुंची थी। जहां शराब कारोबारी पुलिस को देखते ही भड़क गए और ईंट पत्थर चलाने लगे। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि एक महिला राजकुमारी देवी को 10 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है।
वहीं घायल पुलिसकर्मी ने कहा कि गांव छापेमारी करने गए थे तभी लोगों ने हमला कर दिया। महिला को छुड़ाने को लेकर एनएच 83 को कुछ लोगों ने जाम कर दिया। लगभग आधे घंटे तक सड़क जाम रहा.उन लोगों द्वारा मांग किया जा रहा था कि गिरफ्तार महिला को छोड़ दिया जाए। उसके बाद हमपर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। दो पुलिस कर्मी जख्मी हुए हैं।
पटना से डेस्क की रिपोर्ट