कोरोना वायरस के संक्रमण के रोकथाम एवं बचाव के लिए घोषित लॉकडाउन के दौरान रांची जिले में जरूरतमंद लोगों के खाने से संबंधित कोई समस्या ना हो, इसे लेकर जिला प्रशासन द्वारा दाल भात केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। रांची जिले के विभिन्न पंचायतों में 71 दाल भात केंद्र का संचालन किया जा रहा है। 06 अप्रैल 2020 को इन दालभात केन्द्रों से 19685 लोगों को लाभ मिला जिले में 31 दाल भात केन्द्र, 22 विशेष दालभात केन्द्र और 18 अतिरिक्त दालभात केन्द्र संचालित हो रहे हैं। जिले में एनजीओ/सीएसओ और औद्योगिक ईकाईयों द्वारा संचालित 34 केन्द्रों से 06 अप्रैल 2020 को 10059 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

आकिस्मक खाद्यान्न निधि कोष के तहत भी वैसे लोग जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, असहाय है उन्हें अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। आकिस्मक खाद्यान्न निधि कोष से 06 अप्रैल 2020 तक 8878 लोगों को अब तक अनाज उपलब्ध कराया जा चुका है।दूसरी जगहों के मजदूरों के लिए 7 कैंप भी चलाये जा रहे हैं जिससे अबतक 220 मजदूरों को लाभ मिला।

साथ ही कोरोना वायरस के व्यापक प्रभाव को देखते हुए इसमें शामिल दीदियों के स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्थान की उचित साफ-सफाई और उनके व्यक्तिगत स्वच्छ्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आपको बता दें कि कोरोना वायरस से बचाव एवं रोकथाम हेतु जिला प्रशासन के द्वारा कई तरह केकदम उठाए जा रहे हैं। इससे जरूरतमंद व्यक्ति भोजन प्राप्त कर रहे हैं। जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं या उन्हें लॉक डाउन होने की वजह से भोजन की दिक्कत हो रही है। जिला प्रशासन के द्वारा ऐसे सभी व्यक्तियों के लिए खाद्य सामग्री की आपूर्ति की जा रही है। टेक होम राशन के तहत सखी मंडल की दीदियां घरों तक भोजन सामग्री भी पहुंचा रही हैं। ग्रामीणों, असहाय लोगों और राहगीरों को भोजन कराया जा रहा है ताकि किसी भी परिस्थिति में लॉक डाउन में भूखे रहने की नौबत न आए.
