नई दिल्ली: देश में खाली पड़ी लोकसभा की 3 सीटों और विधानसभा की 30 सीटों पर उपचुनाव के लिए तारीख का ऐलान हो गया है. चुनाव आयोग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर बताया है कि इन सभी सीटों पर 30 अक्टूबर को चुनाव होंगे. वहीं चुनाव परिणाम 2 नवंबर को आएंगे.
जिन राज्यों में लोकसभा सीटें खाली हैं उनमें दादरा और नागर हवेली और दमन और दियू मध्य प्रदेश- खंडवा और हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट शामिल है. इसके साथ ही 14 राज्यों की 30 अलग- अलग विधानसभा सीटों पर भी चुनाव होने हैं.
निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा, ‘‘आयोग ने महामारी, बाढ़, त्योहारों, कुछ क्षेत्रों में ठंड की स्थिति, संबंधित राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों से मिली प्रतिक्रिया की समीक्षा की है और सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों पर गौर करते हुए तीन संसदीय क्षेत्रों में उपचुनाव कराने का निर्णय लिया है. केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की तीन लोकसभा सीटों और विभिन्न राज्यों के 30 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव कराने का निर्णय लिया गया है.’’
किस राज्य में कितनी विधानसभा सीटों पर चुनाव ?
- आंध्र प्रदेश- एक सीट
- असम- पांच सीट
- बिहार- दो सीट
- हरियाणा- एक सीट
- हिमाचल प्रदेश- तीन सीट
- कर्नाटक- दो सीट
- मध्य प्रदेश- तीन सीट
- महाराष्ट्र- एक सीट
- मेघालय- तीन सीट
- मिजोरम- एक सीट
- नगालैंड- एक सीट
- राजस्थान- दो सीट
- तेलंगाना- एक सीट
- पश्चिम बंगाल- चार सीट