JHARKHAND : खबर झारखंड से आ रही है। जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित झारखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठक हुई है। जो रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय भवन में संपन्न हुई। बता दें राष्ट्रपति के आगमन को लेकर तैयारियां चल रही है। साथ ही शहर की साफ-सफाई के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था का भी व्यापक इंतजाम किया जा रहा है।
वहीं बैठक में डीसी राहुल सिन्हा के अलावे एसएसपी किशोर कौशल, ग्रामीण एसपी नौशाद आलम, ट्रैफिक एसपी, नगर निगम के अधिकारी एवं एसडीएम रांची के अलावा जिले के कई अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने बताया कि 24 मई को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड पहुंच रही हैं। राष्ट्रपति सबसे पहले देवघर पहुंचेंगी। वहां से राष्ट्रपति का रांची आगमन होगा। 24मई की शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नए हाईकोर्ट भवन का उद्घाटन करेंगी। रात्रि विश्राम राजभवन में होगा।
जिसके बाद राष्ट्रपति 25 मई को खूंटी के कार्यक्रम में शामिल होंगी। जिसके बाद रांची के नामकुम स्थित ट्रिपल आईटी के कन्वोकेशन में शामिल होंगी। साथ ही उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अल्बर्ट एक्का चौक और बिरसा चौक पर माल्यार्पण करेंगी। 25 मई को भी राष्ट्रपति राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी और 26मई को यहां से वापस दिल्ली रवाना होंगी।
झारखंड से गौरी रानी की रिपोर्ट