PATNA: राबड़ी देवी के आवास पर दावते इफ्तार का भव्य आयोजन किया गया। राबड़ी आवास दुल्हन की तरह सज धज कर तैयार दिख रहा था। ठीक समय पर हजारों लोगों के बीच दावते इफ्तार का आय़ोजन किया गया। राजद परिवार की तरफ से सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भले ही दिल्ली में है ,लेकिन लालू के अंदाज में तेजस्वी यादव दिखे।
राजद की पूरी टीम स्वागत सत्कार में जुटी दिखी। सीएम नीतीश कुमार सहित बिहार सरकार के कई मंत्री विधायक इस दावते इफ्तार में मौजूद दिखे। खास बात यह रही कि जाप सुप्रीमो पप्पू यादव के आने से इफ्तार की रौनक बढ़ गई। वहीं सीएम नीतीश के धूर विरोधी लोजपा (रामविलास) सुप्रीमो चिराग पासवान के आने से नई सियासत देखने को मिली। आपको बता दें कि पूरा राबड़ी देवी आवास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाम से ही गुलजार दिखा।
इस अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी, बिहार विधान परिषद् के सभापति देवेश चन्द्र ठाकुर, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार सहित अन्य मंत्रीगण, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, कॉग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, भाकपा माले के विधायक दल के नेता महबूब आलम सहित अन्य सांसदगण, विधायकगण, विधान पार्षदगण, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व विधान पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य व्यक्ति एवं रोजेदार उपस्थित थे।
पटना से विशाल भारद्वाज के साथ संजय की रिपोर्ट