PATNA : राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव लगातार बढ़ रहा है। अपराधियों ने में पुलिस का खौफ खत्म होता नजर आ रहा है। ताजा मामला पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के संजय नगर का है, जहां पूजा करने गये मुन्ना राय को अपराधियों द्वारा गोली मार कर घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही जक्कनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल मुन्ना राय को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है। अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
घटना के बाद जक्कनपुर इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस लोगों से मामले की जानकारी ले रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह मुन्ना राय पूजा करके लौट रहे थे। इसी क्रम में बाइक से आए अपराधियों ने मुन्ना राय पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि ,पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और आरोपियों की गिरफ्तारी करे। परिजनों का कहना है कि मुन्ना राय की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी, फिर भी किसने और क्यों उनपर जानलेवा हमला किया, इसकी जांच होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि, अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो गया। दिनदहाड़े बीच बाजाार में अपराधी गोली मारकर फरार हो जाते हैं, यह बड़ा सवाल है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। अपराधियों की तलाश में पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।
पटना से अजय कुमार की रिपोर्ट